सिकंदरपुर, बलिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को नवानगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रुद्रवार पर स्कूल की एक छात्रा को प्रधानाध्यापिका बनाया गया। सुबह प्रार्थना सभा में प्रधानाध्यापक वेद आर्य ने कक्षा पांच की छात्रा प्रिया को विद्यालय का प्रभार दिया। प्रधानाध्यापिका का प्रभार संभालने के बाद खुशी ने सभी कक्षाओं का शिक्षण कार्य देखा। उसके इस कार्य में विद्यालय की अन्य बालिकाओं ने भी सहयोग किया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बच्चों ने एकांकी भी प्रस्तुत की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक वेद आर्य ने बताया कि आज के दिन विद्यालय का प्रभार बालिका को सौंपने का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना तथा बालिकाओं में आत्मविश्वास की वृद्धि करना है। उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न अवसरों पर विद्यालय पढ़ने में उत्कृष्ट बालिकाओं को यह दायित्व सौंपते हैं। इससे बच्चों के अंदर पढ़ाई के प्रति होड़ दिखती है। इस कार्य में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सहयोग रहा।