घाघरा नदी में नम आंखों के साथ मूर्ति विसर्जित कर भक्तों ने मां दुर्गा को दी अंतिम विदाई

सिकन्दरपुर, बलिया(विनोद कुमार)। आदर्श नगर पंचायत सिकन्दरपुर में स्थित नवरात्रि के अवसर पर स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए गुरुवार को स्थानीय समिति के लोगों के द्वारा ट्रैक्टर ट्राली व अन्य गाड़ियों के माध्यम से प्रतिमाओं को रखकर आदर्श नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कराते हुए कुतुबगंज घाट स्थित घाघरा नदी के किनारे प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण इलाके एवं नगर पंचायत से दर्जनों की संख्या में प्रतिमाएं विसर्जित की गई। कठौड़ा ग्राम प्रधान छोटक चौधरी द्वारा प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए नदी के किनारे गड्ढा खोदा गया था और उसी के अंदर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर अखिलेश कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर भूषण वर्मा, प्रभारी निरीक्षक सिकन्दरपुर योगेश यादव व चौकी प्रभारी सिकन्दरपुर मुरारी मिश्रा के अलावा जनपद से भी फोर्स आई थी। सभी प्रतिमाओं के साथ कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, महिला कांस्टेबल, होमगार्ड एवं पीएसी के जवान लगाए गए थे, जो मुस्तैदी के साथ त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु जुटे रहे। सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल घाटों पर तैनात थे। नदी के किनारे घाघरा नदी में स्थानीय पुलिस के द्वारा नाव के सहारे भ्रमण किया जा रहा था। क्योंकि प्रतिमा विसर्जन करने के बाद लोग घाघरा नदी में स्नान करने के लिए जाते थे और अपनी जान से हाथ धो बैठते थे। पूर्व में कई बार ऐसी घटनाएं घट गई है, जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट था। समाचार लिखे जाने तक प्रतिमाओं का विसर्जन जारी था।

वहीं मूर्ति विसर्जन से पूर्व बस स्टेशन चौराहे पर रावण का विशाल पुतला फूंका गया। इस अवसर पर रावण के प्रतिमा को लेकर आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर के व्यवसाई वर्ग के लोग एवं जनता नगर भ्रमण कराते हुए बस स्टेशन चौराहे पर पहुंचे और रावण की प्रतिमा में लोगों ने आग लगाकर रावण का पुतला दहन कर दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर निवासी कौशल श्रीवास्तव तथा विजय कुमार जायसवाल ने कहा कि असत्य पर सत्य की विजय आज रावण के पुतला दहन से यह पता चलता है कि रावण के अत्याचार से रावण के नगर की जनता बेहाल थी। इसीलिए उनके भाई विभीषण के द्वारा श्रीराम का जयकारा लगा कर उनका साथ दिया गया और रावण के द्वारा अपने किए गए अत्याचार का परिणाम मिला और उसका अंत हुआ। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर भूषण वर्मा, उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर अखिलेश कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक सिकन्दरपुर योगेश यादव, प्रभारी निरीक्षक बलिया परमात्मानंद मिश्रा के टीम की देखरेख में रावण का पुतला दहन किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post