सिकन्दरपुर, बलिया (विनोद कुमार)क्षेत्र में सरयु नदी के जलस्तर में बिना विराम के 9वें दिन भी वृद्धि जारी रहने के साथ ही दियारों एवं तटवर्ती गांवों में तबाही भी हो रही है।तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बाढ़ के पानी से ग्रामीणों के मकान घिरते जा रहे हैं साथ ही अनेक मकानों में पानी घुस कर सामानों को बर्बाद कर रहा है।इस बीच पता चला है कि तहसील क्षेत्र के बिहरा तथा सिसोटार गांवों में स्थित रिंग बन्धों से बाढ़ के पानी का रिसाव शुरू हो जाने से वहां के निवासियों में दहशत व्याप्त है।हालांकि सूचना पा कर प्रशासनिक व सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच कर रिसाव को बन्द कराने हेतु प्रयास करने लगे हैं।उधर जलस्तर में बृद्धि मद्देनजर डी एम सीवान(बिहार)के आदेश पर सुरक्षात्मक रूप से खरीद-दरौली घाट पर नदी में स्टीमर का संचालन बन्द कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार मनियर मार्ग पर स्थित शेखपुर गांव से दियारा को जाने वाले मार्ग पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने से आवागमन ठप हो गया है।इसी गांव में सन्तोष पाण्डेय के मकान में पानी के घुस जाने से परिवार के सदस्यों को दूसरी जगह शरण लेने पड़ गया है।उधर मनियर ब्लाक अंतर्गत निपनिया गांव में करीब आधा दर्जन ग्रामीणों के मकान में पानी घुस जाने से उनकी कठिनाई बढ़ गई है।यहां प्रभावितों में जमीर अंसारी,क़ुर्बान अंसारी,भूलन चौधरी,लुक़मान अंसारी,मनीर अंसारी ,छोटक आदि हैं।इस गांव में धान,बाजरा आदि फसलें पानी में डूब गई हैं जिनके नष्ट होने का अंदेशा बढ़ गया है।इस दौरान सूचना पा कर गांव में पहुंचे कानूनगो एवं हल्का लेखपाल कंचन यादव ने शुक्रवार को ग्रामप्रधान अमरेश यादव के साथ गांव के बाढ़ प्रभावित भागो का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया।